गैस सिलेंडरों की अवैध आपूर्ति का पर्दाफाश, पुलिस ने पकड़े दो पिकअप वाहन

नैनीताल। तल्लीताल पुलिस ने गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए दो पिकअप वाहनों को पकड़ा और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट की सूचना के आधार पर की गई।
खाद्य अधिकारी श्री बिष्ट ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दो पिकअप वाहन, जिनमें इंडेन कमर्शियल गैस सिलेंडर लोड किए गए थे, मल्लीताल से तल्लीताल की ओर अवैध रूप से लाए जा रहे हैं। इन सिलेंडरों का उपयोग कालाबाजारी के लिए किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस ने डांट चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो पिकअप वाहनों को रोका गया, जिनके नंबर क्रमशः UK04CC1748 और UK04CC1896 थे। जांच के दौरान दोनों वाहनों में कुल 58 गैस सिलेंडर पाए गए, जिनमें से 23 भरे और 7 खाली सिलेंडर पहले वाहन में थे, जबकि दूसरे वाहन में 17 भरे और 11 खाली सिलेंडर थे।
वाहनों के चालक और सहायक, जिनकी पहचान सूरज सिंह (अमृत रसोई, तल्लीताल), अशोक बिष्ट (गाड़ी पड़ाव, मल्लीताल), हितेश चंद्र (ओक पार्क, मल्लीताल) और गणेश बिष्ट (रॉयल होटल कंपाउंड, मल्लीताल) के रूप में हुई, सभी ने वैध कागजात प्रस्तुत करने में असमर्थता जताई और सिलेंडरों से संबंधित कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अवैध रूप से की जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों को आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
यह सफल अभियान तल्लीताल पुलिस की टीम के ASI सुनील कुमार और क0 अमित कुमार द्वारा चलाया गया था। पुलिस ने अपनी तत्परता और सजगता से इस अवैध गैस कालाबाजारी के नेटवर्क को तोड़ा है।
