यू पी की तर्ज पर सी एम धामी ने राज्य में फिल्म गोदान को किया टैक्स फ्री,बताई वजह।

उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए गायों की सुरक्षा पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को पूरे प्रदेश में टैक्स-फ्री करने का ऐलान किया है। CM कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि ये फिल्म समाज को भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का संदेश देती है। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। इस तरह की फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता विकसित होती है, इसलिए ऐसी फिल्मों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में गो सदनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही गो पालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। सीएम ने कहा कि सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी बढ़ावा देगी।






