वीरता, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगी नैनीताल की तिरंगा यात्रा

नैनीताल में आगामी 22 मई को आयोजित होने वाली शौर्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज नैनीताल क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री नितिन कार्की ने की, जिसमें नगर के अनेक सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस यात्रा का उद्देश्य हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न “ऑपरेशन सिंदूर” की वीरगाथा को जन-जन तक पहुँचाना और भारत माता के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह यात्रा 22 मई (बुधवार) को सुबह 11:00 बजे पंत पार्क से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की नई सैन्य सोच और वैश्विक मंच पर उसकी निर्णायक उपस्थिति का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस नीति को सिर्फ कथनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर साकार कर दिखाया।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि भारत की रक्षा नीति में यह एक ऐतिहासिक बदलाव है, जहाँ देश अब न केवल सीमाओं पर रक्षा करता है, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर दुश्मन की सरज़मीं पर जाकर करारा जवाब भी देता है।
यह तिरंगा यात्रा केवल वीर सैनिकों को सम्मान देने का माध्यम नहीं होगी, बल्कि यह जनमानस में राष्ट्रभक्ति, आत्मबल और अखंडता की भावना को भी सुदृढ़ करेगी। नैनीताल जैसे ऐतिहासिक नगर से उठती यह यात्रा पूरे देश को सशक्त राष्ट्र की प्रेरणा और एकता का संदेश देगी।
यात्रा के संयोजक निखिल बिष्ट होंगे, जबकि ज्योति डोडियाल और मनोज कुमार सह-संयोजक की भूमिका निभाएंगे। आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सुनियोजित योजनाएँ बनाई गई हैं।
बैठक में नितिन कार्की के साथ प्रमुख रूप से मोहित लाल साह, मनोज जोशी, सभासद भगवत सिंह रावत, निखिल बिष्ट, आशीष बजाज, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज कुमार पवार, खजान डंगवाल, शैलेन्द्र बर्गली, रितुल कुमार, राहुल नेगी, भारत सिंह मेहरा, अतुल पाल, संतोष कुमार, प्रेम सागर, संतोष साह, युवी करायत, जीवंती भट्ट, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी, मीरा बिष्ट, रमा भट्ट और देवेंद्र बगड़वाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
