रजत जयंती पर गूँजा नारी सशक्तिकरण का जयघोष, मातृशक्ति ने रचा इतिहास

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर शनिवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मानसखंड खेल परिसर, हल्द्वानी में मातृ शक्ति उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रहीं।
कार्यक्रम में राज्य स्थापना से लेकर आज तक महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। रेखा आर्या ने कहा कि राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका निर्णायक रही है और अब 2047 के विकसित भारत के निर्माण में भी महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
रैंप वॉक में उत्तराखंड की संस्कृति और आधुनिक विकास की झलक देखने को मिली, जिसमें महिलाओं ने किसान, डॉक्टर, इंजीनियर और खिलाड़ी के रूप में प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में आयोजित परिचर्चा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला विशेषज्ञों ने राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा और चुनौतियों पर मंथन किया। इसके अलावा चिपको आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और खेल जगत में महिलाओं की भूमिका पर आधारित नृत्य नाटिका ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में दीपा दरमवाल, शांति मेहरा, ललित मोहन रयाल, बी.एल. राणा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्राएं और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।








