उत्तराखण्डउधमसिंह नगर

खटीमा व गदरपुर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग  हुई पूरीः धामी

खबर शेयर करें 👉

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पहैनिया बाईपास, खटीमा, उधम सिंह नगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए 30606.75 लाख रुपए की 26 योजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें नवनिर्मित गदरपुर बाईपास एवं नवनिर्मित खटीमा बाईपास का लोकार्पण भी शामिल रहा। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी वीडियो के माध्यम सभा को संबोधित किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाईपास के लोकार्पण के साथ खटीमा एवं गदरपुर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। इन दोनों ही बाईपास के बनने से स्थानीय जनता को संपूर्ण लाभ, खटीमा एवं गदरपुर दोनों शहरों को जाम से निजात भी मिलेगा। खटीमा बाईपास के दौरान कई मुसीबतों का सामना करना पड़ा परंतु सभी क्षेत्रवासियों ने एकता दिखाकर, जिला प्रशासन एवं एन.एच के सहयोग से समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा जल्द ही टनकपुर से सितारगंज एवं पीलीभीत से खटीमा हेतु 4 लेन सड़क पर भी कार्य किया जाएगा। यह मार्ग कैलाश मानसरोवर का भी एक अहम पड़ाव है आने वाले दिनों में कैलाश मानसरोवर की यात्रा इन्हीं मार्गो से की जाएगी। भारत एवं नेपाल सरकार संयुक्त रूप से दोनों देशों को जोड़ने हेतु सड़क का निर्माण करवा रही है जिससे दोनों देशों के बीच में रोटी बेटी का रिश्ता और ज्यादा मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। जिसके फलस्वरूप केदारनाथ की एवं हेमकुंड साहिब को रूप में से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार यह प्राथमिकता है कि भारत सरकार के पर्वतमाला योजना का सर्वाधिक लाभ हमारे राज्य को ही मिले। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में एम्स बनने जा रहा है। राज्य सरकार वन डिस्टिक टू प्रोडक्ट योजना पर भी तेज गति के साथ कार्य कर रही है।

वीडियो संदेश में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में अपने वादे अनुसार आज बाईपास का लोकार्पण कर दिया है। नवनिर्मित गदरपुर एवं खटीमा बाईपास के शुभारंभ के साथ ही खटीमा एवं गदरपुर के मुख्य शहरों में लगने वाला जाम पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इससे स्थानीय जनता, यात्री एवं श्रद्धालुओं को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। बाईपास के बन जाने से रुद्रपुर – टनकपुर एवं रुद्रपुर से काशीपुर या अन्य आसपास शहरों की समयअवधि घट जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य निरंतर ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य में सड़कों के निर्माण हेतु जो कुछ भी सहयोग मंत्रालय द्वारा किया जा सकता है, वो प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रत्येक शासनादेश मूर्त रूप लेता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौमुखी विकास देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री धामी के बराबर कर्तव्यनिष्ट, ईमानदार व्यक्ति कोई नहीं है, उन्होंने हमेशा से विधानसभा में शहीदों के लिए प्रश्न उठाए, साथ ही वह वर्तमान समय में प्रदेश के हर क्षेत्र को बराबर स्थान और सम्मान दे रहे हैं। उन्होंने कहा गदरपुर बायपास पर सर्विस लेन बने तथा किसानों की फसल को नुकसान न हो, पानी की निकासी हेतु एनएचएआई प्रस्ताव बनाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उधम सिंह नगर जिले का चौतरफा विकास हो रहा है। किच्छा में ऐम्स। 2 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट हल्द्वानी के लिए तैयार हो गए हैं। अगले 10 सालो में उत्तराखंड राज्य बहुत ऊंचाइयों को छूने वाला है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में भारत को G 20 की अध्यक्षता मिल गई है। करोड़ों के प्रोजेक्ट पर काम हो रहे हैं, नेपाल को सड़क से जोड़ने के लिए सारी स्वीकृत हो गई है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 1100 करोड़ उधम सिंह नगर जिले एवं 1000 करोड़ नैनीताल जिले को मिले हैं ।

Daleep Singh Gariya

संपादक - देवभूमि 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *