धराली आपदा: सीएम धामी ने लिया मोर्चा, राहत कार्यों को दी रफ्तार

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और हवाई निरीक्षण कर हालातों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से राहत और बचाव कार्यों की विस्तार से समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर मौजूद प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सेना के प्रतिनिधियों से वस्तुनिष्ठ जानकारी प्राप्त की और उन्हें निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल कैंप और भोजन वितरण की व्यवस्था सक्रिय रूप से संचालित की जा रही है। प्रभावितों को आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के चिनूक और MI-17 हेलीकॉप्टर पूरी तरह अलर्ट पर हैं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत राहत अभियान में लगाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
