उत्तराखंड में बढ़ती सूखी ठंड, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम के मिजाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश न होने के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक सूखी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ समय तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
पोस्ट-मॉनसून बारिश न होने के चलते दिन और रात के तापमान में अंतर स्पष्ट दिख रहा है। सुबह और शाम ठंड बढ़ रही है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरा छाने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान कम होने के कारण रात में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 26 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो देहरादून में नवंबर माह में औसतन 9.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन अभी तक वर्षा का आंकड़ा शून्य ही है। पूरे प्रदेश में औसतन 4.4 मिमी बारिश होती है, जो फिलहाल शून्य ही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के बाद ही सूखी ठंड से राहत मिलने की संभावना है।








