उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में पकड़े गए मुन्ना भाई। दूसरे के स्थान पर दे रहे थे परीक्षा।

उत्तराखंड बोर्ड की हाई स्कूल की परीक्षा में असली परीक्षार्थियों के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी बैठाने के मामले में शुक्रवार को बड़ा खुलासा हुआ। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर के चार छात्र और चार छात्राएं अन्य परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इस मामले में पुलिस ने ज्वालापुर स्थित अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल के प्रिंसिपल चंगेज अंसारी को गिरफ्तार किया है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा ने पूरे प्रकरण पर खुलासा किया है कि आरोपी ने आठ से 12 हजार रुपये लेकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराए और असली छात्रों की जगह दूसरे अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाया। बता दें कि 24 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा दस की हिंदी की परीक्षा के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर में चार छात्र और चार छात्राएं संदिग्ध मिले थे।
जांच में सामने आया कि ये सभी वास्तविक परीक्षार्थी नहीं थे। इस पर प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद सात आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए थे, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था।



